रिसिया (बहराइच)। रिसिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। एक अन्य बाइक सवार भी ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके पर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिसिया थाना क्षेत्र के हुरूड गांव निवासी आशुतोष (19) बृहस्पतिवार की सुबह अपनी बाइक से पूजा का सामान लेने रिसिया बाजार गया था। बाजार से गांव वापस लौटते समय नरसिंह मार्ग पर मझौव्वा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे रौंद दिया जिससे आशुतोष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान मुबारक निवासी बुलबुल नेवाज के रूप में हुई। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में गंभीर चोट आने की वजह से मौत हुई होगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।