बहराइच। जिले में संचालित माध्यमिक विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन सोमवार से किया जाएगा। परीक्षाएं 20 जनवरी तक आयोजित होंगी। प्री-बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के लिए विद्यालयों द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्री-बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के बाद 21 जनवरी से प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी डीआईओएस जेपी सिंह ने दी।
डीआईओएस ने बताया कि जिले में 53 राजकीय इंटर कॉलेजों समेत वित्तविहीन व सहायता प्राप्त विद्यालयों की कुल संख्या 300 है। सभी विद्यालयों में सोमवार से प्री-बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत की जाएगी। जिससे इस वर्ष हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओें में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं परीक्षा के पैटर्न को समझ सकें। इससे उन्हें बोर्ड परीक्षा में निर्धारित समय के भीतर प्रश्न हल करने समेत प्रश्न व उत्तरों की समझ विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा के लिए 38,592 व इंटरमीडिएट में 25,466 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षाओें को नकलविहीन व शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
स्थानीय स्तर पर ही नियुक्त होंगे कक्ष निरीक्षक
डीआईओएस ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बीते वर्ष कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई गई थी। ऐसे में काफी संख्या में शिक्षकों की ड्यूूटी उनके निवास स्थान से काफी दूर कर दी गई थी। जिसका शिक्षकों ने कड़ा विरोध किया था। इस वर्ष गत वर्ष की भांति कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन न लगाते हुए डीआईओएस कार्यालय से ही लगाई जाएगी।