नेपाल बॉर्डर पर आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग करते एसएसबी के जवान। -संवाद
रुपईडीहा। नव वर्ष के मद्देनज़र इंडो-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। अंतरराष्ट्रीय रुपईडीहा मार्ग पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तीन डॉग स्क्वायड की तैनाती के साथ सीमा पार करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है।
रुपईडीहा सीमा चौकी पर तैनात सहायक कमांडेंट अमित कटियार के निर्देश पर यह सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान लगातार नो-मेंस लैंड में गश्त कर रहे हैं। विशेष रूप से जंगल से सटी नेपाल सीमा पर निगरानी सख्त कर दी गई है, ताकि अवैध आवाजाही और तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। पुलिस महकमा भी पूरी तरह सतर्क है और स्थानीय थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
नेपाल भ्रमण को लेकर बढ़ी आवाजाही
नववर्ष पर बड़ी संख्या में लोग नेपाल भ्रमण के लिए जाते हैं। इसे देखते हुए सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। नेपाल के बांके जिले में नववर्ष के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ने लगी है। इसी वजह से सीमा पार आवाजाही में इजाफा होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां कोई भी ढिलाई नहीं बरतना चाहतीं।
सघन जांच के बाद ही आवाजाही की अनुमति
सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत द्वारा सीमा पर आवागमन करने वाले नागरिकों की सघन जांच के बाद ही आवाजाही की अनुमति देने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों की जांच डॉग स्क्वायड, सीसीटीवी कैमरे और स्कैनर की सहायता से की जा रही है। एसएसबी, पुलिस और खुफिया एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं। संदिग्धों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और वाहनों की तलाशी लगातार की जा रही है।