बारिश के बाद पानीटंकी से स्टेडियम जाने वाली सड़क पर हुआ जलभराव। -संवाद
बहराइच। तराई क्षेत्र में रविवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। गरज-चमक के साथ करीब तीन घंटे तक झमाझम बारिश हुई। 27 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया। वहीं बिजली गिरने से एक बालक की मौत हो गई।
शनिवार रात से ही बादल उमड़ने-घुमड़ने लगे थे, रविवार सुबह 10 बजे गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने लगीं। भारी बारिश के बीच नानपारा के ग्राम मुनीमपुरकला निवासी अभिषेक वर्मा (12) द्वार पर भीग रहे सामान को घर के अंदर रख रहा था, तभी अचानक उसके ऊपर बिजली गिर पड़ी, मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजन बेसुध हो गए।
तेज बारिश के कारण शहर में जगह-जगह पानी भर गया। मेडिकल कॉलेज के महिला विंग के सामने घुटनों तक पानी जमा हो गया। इंदिरा गांधी स्टेडियम, घसियारीपुरा, बक्शीपुरा, नई बस्ती, चांदपुर, सलारगंज और तिकोनी बाग इलाके में भी जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटे तक मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
किसानों को मिली राहत
जहां शहरवासी जलभराव से परेशान दिखे, वहीं किसानों के चेहरे इस बारिश से खिल उठे। धान और गन्ने की सूख रही फसल को पानी मिलने से राहत मिली है। पयागपुर क्षेत्र के किसान राजेश कुमार और देवी नारायण ने बताया कि बारिश से उनकी फसलों के बचने की उम्मीद जगी है।