बहराइच/बाबागंज/विशेश्वरगंज। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में आए 1501 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। भीषण गर्मी से बचने के लिए उपाय भी बताए गए।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएन वर्मा ने बताया कि मेले में आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, संचारी रोग से बचाव, पोषण परामर्श सहित अन्य योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मेले में आए लाभार्थियों का स्वास्थ्य परिक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं व परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर आयुष डॉ. सुरेश गुप्ता,फार्मासिस्ट शमीम अहमद, धर्मराज वर्मा, मनोज श्रीवास्तव, रेनू वर्मा आदि मौजूद रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगवल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुमंत कुमार, डॉ. ओपी पाठक ने बताया कि मेले में आए 24 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। इस अवसर पर रेखा देवी, अजय त्रिपाठी, विजय भान आदि लोग मौजूद रहे।
पीएचसी चौगोड़वा का लिया जायजा
नवाबगंज (बहराइच)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौगोंड़वा का सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं तथा अभिलेखों की जांच कर स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी ली। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीबी सिंह, डॉ.मुकीम अहमद, डॉ. महेश वर्मा, डॉ. सोनू त्रिवेदी, इश्तियाक अहमद, अब्दुल महमूद आदि मौजूद रहे।