बौंडी। फखरपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिपहिया हुलास के प्रधानाध्यापक अयाज अहमद रायनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रधानाध्यापक पर विद्यालय में विलंब से पहुंचने समेत कई गंभीर आरोप लगे थे। इसे लेकर अभिभावकों ने आंदोलन भी किया था।
प्रकरण सुर्खियों में आने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी फखरपुर राकेश कुमार और बीईओ कैसरगंज की संयुक्त टीम से मामले की जांच कराई। जांच में प्रधानाध्यापक के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानाध्यापक समय से विद्यालय नहीं पहुंचते थे। इसके अलावा ग्रामीणों से गाली-गलौज करने, बच्चों से विद्यालय की साफ-सफाई कराने और स्कूल परिसर में ही गुटखा-तंबाकू का सेवन करने की पुष्टि हुई।
जांच में मध्याह्न भोजन योजना में भी लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, विद्यालय में निर्धारित मेन्यू के अनुरूप बच्चों को भोजन नहीं दिया जाता था। इससे विद्यार्थियों को मिलने वाले पोषण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर फखरपुर बीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए बीईओ चित्तौरा को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें 15 दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।