बहराइच। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बुधवार से शुरू हुई परीक्षा में 4.80 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए। अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं सात नवंबर तक चलेंगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने नोडल अधिकारियों की तैनाती भी की है।
बहराइच जनपद के 14 ब्लॉकों और नगर क्षेत्र में 2471 प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। वहीं 983 पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्थापित हैं। इन विद्यालयों में कक्षा एक से लेकर आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं बुधवार से शुरू हुई हैं। प्राथमिक और जूनियर विद्यालय में सुबह नौ बजे से लेकर पूर्वाह्न 11 बजे तक परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
बीएसए एसके तिवारी ने बताया कि जनपद में प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों में चार लाख 80 हजार 387 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। ये सभी अर्द्धवार्षिक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं सात नवंबर तक चलेंगी। परीक्षा के मद्देनजर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वह समय-समय पर स्कूलों में जाकर परीक्षाओं के आयोजन की जांच करेंगे।
परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित करने के निर्देश सभी विद्यालयों को जारी किये गए हैं। विकासखंड तेजवापुर के प्राथमिक विद्यालय इनामी व प्राथमिक विद्यालय डोकरी में अर्द्धवार्षिक परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई।
प्राथमिक विद्यालय इनामी में 198 छात्र-छात्राओं में से 73 छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए। बुधवार को प्रथम पाली में अंग्रेजी की लिखित परीक्षा आयोजित हुई। जबकि दूसरी पाली में अंग्रेजी की मौखिक परीक्षा का आयोजन किया गया।