तेज हवाओं से खेतों में पसर गईं गेहूं व सरसों की फसलें, आलू के खेतों में किसानों को भारी नुकसान की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। तराई में शनिवार की सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को दिन भर जारी रहा। वहीं तेजवापुर व रिसिया विकासखंड में शाम को बारिश के साथ ओले भी गिरे। जिससे किसानों के चेहरे मुरझा गए। वहीं खेतों में खड़ी हजारों बीघे गेहूं व सरसों की फसल धराशाई हो गई। बारिश व तेज हवा से आलू, धनिया समेत सब्जियों की फसल को भी नुकसान हुआ है। वहीं कई क्षेत्रों में कीचड़ होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कृषि विभाग ने अभी दो दिन तक तराई का मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है।
जिले में दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को रिसिया, तेजवापुर विकास खंड में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाकार रहम की दुआ कर रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने अभी दो दिन तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। जिसके बाद से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
बारिश के चलते शहर के मेवातीपुरा स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल में वार्षिकोत्सव के लिए लगाया गया पंडाल भी धराशाई हो गया। बताते चलें कि जिले में लगभग 5.5 लाख किसान हैं। जिन्होंने 1, 87,790 हेक्टेअर पर गेहूं व 11, 837 हेक्टेअर पर सरसों की बोआई की है। जिन्हें सीधे तौर पर तेज हवा के साथ हो रही बारिश व ओला वृष्टि से नुकसान होगा। वहीं जिले में सिर्फ 1,02,393 किसानों ने ही फसल बीमा करवाया है। जिन्हें नुकसान होने पर क्षतिपूर्ति मिलेगी।
खेतों में पसर गई पसल, किसानों के टूटने लगे अरमान
विशेश्वरगंज/खैरीघाट/हुजूरपुर। तराई में शनिवार से लगातार जारी बारिश से किसानों को गहरा आघात लगा है। किसान फसल चौपट होने को लेकर आशंकित हैं। विशेश्वरगंज निवासी किसान विजय कुमार मिश्रा, ननके चौहान, किशोरी लाल, भगवान दीन मौर्य, अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सेकड़ो बीघे गेहूं व तिलहन की फसल खेतों में गिर गई है। 20 प्रतिशत तक उत्पादन प्रभावित होगा। खैरीघाट के ग्अवध नगर निवासी किसान राम अचल यादव उनकी पांच बीघे से अधिक फसल गिर गई है। हुजूरपुर निवासी किसान आशाराम ने बताया कि उनकी सरसों की फसल लगभग तैयार थी। बारिश व हवाओं से 30 प्रतिशत दाने गिर जाएंगे। वहीं बाबूलाल, सुंदरलाल ने गेहूं की फसल गिरने की बात कही।
एक एकड़ धनिया की फसल गिरी
महसी। क्षेत्र में गेहूं सरसो के साथ ही सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भी बारिश व हवाओं से भारी नुकसान हुआ। दर्जनों किसानों की धनिया की फसल धराशाई हो गई और आलू की फसल में पानी भरने से नुकसान की आशंका है। सधुवापुर निवासी किसान अमरनाथ तिवारी ने बताया कि उनकी की दो एकड़ गेहूं व एक एकड़ धनिया कि फसल बर्बाद हो गई है।
ओलों का लगा ढेर
तेजवापुर/रिसिया/बौंडी। तेजवापुर व रिसिया विकासखंड में रविवार की शाम बारिश के साथ भारी मात्रा में ओले गिरे। आलम यह रहा है, कि ओलों का ढेर लग गया। तेजवापुर के बिजौवा निवासी रवीन्द्रनाथ बाजपेई, सूर्यप्रकाश आदि ने बताया कि ओला गिरने से फसल पूरी तरह चौपट हो गई। रिसिया निवासी किसान मुशरिफ अली, फखरूदीन, कलीम, हनीफ आदि ने भी भारी नुकसान की बात कही। वहीं रिसिया के बंगला चक में जव की खेती करने वाले किसानों को भी नुकसान हुआ।
बाजार में जलभराव व कीचड़ से परेशान हुए लोग
नवाबगंज। दो दिन से लगातार जारी बारिश से नवाबगंज के जमुनाहा, नौबस्ता, सेमरा आदि गांवों में किसान संजय, राधे, किशोरी,अतीक आदि की फसल गिर गई। वहीं नवाबगंज कस्बे की मुख्य बाजार में भीषण जलभराव हुआ। जिससे बाजार आए कई राहगीर कीचड़ में गिर कर चोटिल हुए।
बीमित किसान टोल फ्री नंबर पर दें सूचना
बारिश व हवाओं से अभी आंशिक नुकसान है। जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया है, टोल फ्री नंबर 14447 पर फोन कर 72 घंटे के भीतर सूचना दे दें। ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है। -सतीश पांडेय, जिला कृषि अधिकारी