रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बुधवार को रुपईडीहा सीमा चौकी के विलेज ऑउट पोस्ट के पास नेपाल में बने गुटखा और सिगरेट की खेप पकड़ी। इस दौरान दो युवकों को भी मौके से पकड़ लिया गया।
एसएसबी की 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि सतीश कुमार निवासी श्रावस्ती और रज्जब अली निवासी बहराइच बाइक से सीमा क्षेत्र में संदिग्ध हालात में घूम रहे थे। टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से नेपाल निर्मित गुटखा के 110 पैकेट और नेपाल ब्रांड की करीब 1000 पैकेट सिगरेट बरामद हुई।
बरामद सामान की कीमत लगभग 92 हजार रुपये बताई जा रही है। एसएसबी ने दोनों के पास से बरामद माल और बाइक कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया। सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।