गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला कस्बा निवासी ने अपनी पुत्री का विवाह गोंडा के इटियाथोक में तय किया था। छह माह पूर्व बिटिया की गोद भराई की रस्म भी हो चुकी थी। इसके बाद दूल्हे ने घर में फर्नीचर इत्यादि बनवाने के नाम पर लड़की के पिता से 50 हजार रुपये मांगे। लड़की के परिजनों का कहना है कि पैसा लेने के बाद से दूल्हा फरार है। बिटिया की बारात 21 मई को आनी है। लड़की के भाई की शिकायत के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
गिलौला कस्बा निवासी मोहन लाल चौरसिया ने अपनी पुत्री रानी का विवाह छह माह पूर्व गोंडा जिले के इटियाथोक निवासी रामचंदर के साथ तय किया था। रामचंदर ने अपने होने वाले ससुर मोहनलाल से फर्नीचर इत्यादि के नाम पर पचास हजार रुपये मांगे। आरोप है कि पैसा मिलने के बाद से वह घर छोड़ कर फरार है। जानकारी करने पर युवक की मां व दोनों बहनों ने भी उसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इंकार किया है। इससे परेशान लड़की के भाई शिवम चौरसिया ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की शिकायत की है।