बहराइच। जिले के तेजवापुर में राजकीय मॉडल महाविद्यालय खोला जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश कर ली गई है। इस महाविद्यालय के खुलने से तेजवापुर क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
राजकीय माॅडल विद्यालय बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन ने शासन को भेज दिया है। यह महाविद्यालय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत खोला जाएगा। तेजवापुर क्षेत्र में महाविद्यालय खोलने की काफी समय से मांग की जा रही है। महाविद्यालय नहीं होने से क्षेत्र में विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट के बाद पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्र में जाना पड़ रहा है।
इस मांग पर उच्च शिक्षा के प्रमुख सचिव एमपी अग्रवाल ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इस पर जिला प्रशासन ने तेजवापुर क्षेत्र में जूनियर हाईस्कूल बेड़नापुर की 10 हजार वर्ग मीटर भूमि राजकीय मॉडल महाविद्यालय बनाने के लिए चिह्नित की है।
छात्राओं को पढ़ाई में होगी सहूलियत
राजकीय मॉडल महाविद्यालय खुलने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना नहीं पड़ेगा। इससे क्षेत्र की छात्राओं को इंटर के बाद पढ़ाई करने में काफी सहूलियत होगी। क्षेत्र के बहुत से अभिभावक अपनी बेटियों को ऊच्च शिक्षा के लिए घर से दूर भेजने से कतराते हैं। ऐसी छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। क्षेत्र में महाविद्यालय खुलने से छात्राओं को स्नातक व परास्नातक की पढ़ाई करने में आसानी होगी।
शासन को भेजा गया प्रस्ताव
राजकीय मॉडल महाविद्यालय खोलने के लिए तेजवापुर विकासखंड क्षेत्र में 10 हजार वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की गई है। भूमि का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
- मोनिका रानी, जिलाधिकारी