आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को खंड विकास अधिकारी ने आधा दर्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान वैशनपुरवा केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री अनुपस्थित मिलीं। केंद्र भी बंद मिला। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति डीएम को की गई है।
खंड विकास अधिकारी शोभनाथ चौरसिया ने राज्य पोषण मिशन के अंतर्गत गोद लिए ग्राम सभा ऐलो और पहलवारा में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण बुधवार को किया।
बीडीओ सुबह 10:30 बजे आंगनबाड़ी केंद्र मल्लोह पहुंचे। यहां पर कार्यकत्री मृणालिनी शुक्ला मौजूद मिली। यहां पर अभिलेखों का निरीक्षण कर पोषाहार वितरण के संबंध में बच्चों से भी जानकारी ली।
इसके बाद खंडविकास अधिकारी ऐलो के मजरा वैशनपुरवा में आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचे तो यहां कार्यकत्री विमला सिंह अनुपस्थित मिलीं। केंद्र भी बंद मिला।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि सूचना के बावजूद केंद्र पर उपस्थित न होने के कारण कार्यकत्री के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी गई है। इसी प्रकार बीडीओ ने ऐलो के मजरा लालेसिंहपुरवा, पहलवारा के प्राथमिक विद्यालय व देवरिया में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया।
यहां पर कार्यकत्री आशा त्रिपाठी, देवरिया में मायादेवी मौजूद रहीं। लेकिन पहलवारा में कार्यकत्री बीना सिंह के अवकाश पर होने के कारण बीडीओ अभिलेखों की पड़ताल नहीं कर सके। खंड विकास अधिकारी के आंगनबाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण से क्षेत्र में स्थित कार्यकत्रियों में दहशत रही।