बहराइच/बौंडी। बौंडी थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने एक घर से लगभग तीन लाख का माल पार कर दिया। लौटते समय मंदिर का दानपात्र भी उठा ले गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर जांच कर ग्रामीणों को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नंदवल निवासी मिठ्ठू अपने बेटे पूरन के साथ लखनऊ में रहकर काम करता है। घर पर उसकी पत्नी रहती है। शनिवार को मिट्ठू की पत्नी घर के बाहर सो गई थी। मिटठू के बड़े भाई झब्बर ने बताया कि चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। घर में रखे पूरन की पत्नी के आभूषण, मिट्ठू के पुश्तैनी आभूषण, बर्तन आदि समेत लगभग तीन लाख का सामान उठा ले गए। सुबह उठने पर चोरी की जानकारी हुई।
चोरों ने गांव स्थित बाबा के मठ में भी धावा बोला और दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखे हजारों रुपये निकाल लिए। इस दौरान मठ के बाबा की नींद खुल गई और उन्होंने चोरों का पीछा किया। बाबा ने बताया कि दो चोर थे और दोनों ने सिर्फ कच्छा पहन रखा था। एक ही रात हुई चोरी की दो घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। बौंडी थाने के निरीक्षक राम आशीष यादव ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।