बहराइच। शहर के नारायण नगर स्थित लोहिया चौराहे पर इस बार शारदीय नवरात्र बेहद खास होने वाली है। श्री नवदुर्गा पूजा समिति ने सेना और सरकार के सम्मान में अद्भुत झांकियों की रूपरेखा तैयार की है। खास बात यह है कि श्रद्धालुओं को ऑपरेशन सिंदूर की झांकी के साथ राफेल जेट की गड़गड़ाहट के बीच मां दुर्गा के सजीव दर्शन कराए जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष झांकियां लगाई जा रही हैं। 18 फीट लंबे राफेल जेट में बैठकर लोग रोमांच का अनुभव कर सकेंगे। वहीं, माता जी के स्वरूपों को ब्रह्मोस मिसाइल, एस-400 डिफेंस सिस्टम, घंटा-घड़ियाल की गूंज, सिंह गर्जना और लाल रोशनी की हाईटेक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। हर दिन माता जी के नौ स्वरूपों का सजीव रूप भक्तों को दिखेगा।
समिति के महामंत्री राहुल ने बताया कि भक्तों को प्रसाद वितरण भी कराया जाएगा। रविवार को समिति के पदाधिकारियों ने पूजा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस मौके पर प्रबंधक वीरेंद्र प्रताप सिंह, हरीशंकर गुप्ता, उमाशंकर लोहिया, रोहन गौड़, कल्लू सिंह, हर्षित लोहिया, संजय गौड़, देवेश, नयनेश, प्रिंस, सोनी, छोटू शुक्ला, कान्हा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।