बहराइच। शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर रविवार को जिले के देवी मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। घंटा-घड़ियाल और माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। कई स्थानों पर हवन-पूजन, आरती और कन्या भोज का आयोजन किया गया।
श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर पखारकर उन्हें भोजन कराया। वहीं, देवी मंदिरों में मुंडन संस्कार भी हुए। श्रद्धालु पूजा की थाल लेकर नंगे पैर मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा पंडालों में भी दिनभर धार्मिक अनुष्ठान होते रहे।
पूजा पंडालों में हुआ नेत्र पूजन
बाबागंज में श्री नव दुर्गा पूजा समिति बसभरिया की ओर से सजाए गए पंडाल में शनिवार को माता रानी के नेत्र पूजन का कार्यक्रम हुआ। महसी क्षेत्र के पूर्व विधायक दिलीप वर्मा ने पंडाल पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। मेला रोड स्थित श्री नव दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में भी नेत्र पूजन और गोद भराई का आयोजन हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता का आशीर्वाद लिया।
नवाबगंज और रिसिया में भी हुए आयोजन
नवाबगंज क्षेत्र में शिव शंकर धर्मशाला सहित आसपास के गांवों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन कर बच्चियों को भोजन कराया और उपहार भेंट किए। वहीं, रिसिया नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों व पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इंदिरा नगर हनुमान मंदिर, सिसई सलोन गायत्री नगर स्थित शिव मंदिर और चरसिया बाबा कुट्टी में आरती हुई। इसमें छोटी बच्चियों ने मां दुर्गा की आरती की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मां की पूजा करते श्रद्धालु।