बहराइच। मझांव गांव में वैलेंटाइन-डे पर प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उर्रा निवासी शिवशंकर का मझांव गांव की रहने वाली ममेरी बहन राधिका से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। झांसी की प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करने वाला शिवशंकर 13 फरवरी को गांव आया था। 14 फरवरी को उसने राधिका को कॉल की तो फोन व्यस्त मिला। इसी बात को लेकर दोनों में नोकझोंक हुई। इस पर शिवशंकर रविवार शाम राधिका के घर पहुंच गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने रविवार को ही शिवशंकर को गिरफ्तार कर लिया था। मोतीपुर थानाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसे घटना को लेकर कोई पछतावा तक नहीं है। सोमवार को आरोपी शिवशंकर को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।