उर्रा (बहराइच)। मोतीपुर रेंज के जालिमनगर गांव निवासी एक बालिका सोमवार को नदी पार कर खेत जा रही थी। इसी दौरान नदी में मगरमच्छ ने बालिका पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह मगरमच्छ से बालिका को छुड़ाया। गंभीर हालत में बालिका को सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत जालिमनगर गांव निवासी रोशनी (11) पुत्री दयाराम का गांव सरयू नदी के किनारे है। गांव के दक्षिण नदी बह रही है। सोमवार को सुबह करीब 10 बजे बालिका गांव के दक्षिण स्थित नदी को पार कर खेत जा रही थी। नदी में मौजूद मगरमच्छ ने बालिका के पैर को पकड़ लिया। इस पर बालिका ने शोर मचाया।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडा फटकारते हुए मगरमच्छ से बालिका को छुड़ाया। इसके बाद बालिका को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचे। बालिका का इलाज चिकित्सकों ने किया। मगरमच्छ के हमले की सूचना बालिका की मां राधारानी ने रेंज कार्यालय में दी है। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र कुमार मौर्या का कहना है कि प्रार्थना पत्र मिला है। जांच के बाद जल्द ही मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।