बहराइच मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग में भर्ती बीमार बच्चे।
बहराइच। मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में गंभीरावस्था में भर्ती कराई गई एक बालिका की बृहस्पतिवार को दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। बालिका दिमागी टीबी बुखार से पीड़ित थी। उसे झटके भी आ रहे थे। दूसरी तरफ चिल्ड्रेन वार्ड में पांच नए बाल रोगियों को भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद बच्चाें की हालत सामान्य बताई जा रही है।
शहर के मोहल्ला बशीरगंज निवासी दीक्षा यादव (7) पुत्री राकेश यादव 10 महीने से बीमार थी। मृत बालिका के चाचा दीपक यादव ने बताया कि कशहर के चांदपुरा मोहल्ला स्थित एक निजी डॉक्टर से वे उसका इलाज करा रहे थे। बुधवार रात हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई है। वहीं चिल्ड्रेन वार्ड में बृहस्पतिवार की दोपहर तक पांचव बच्चे भर्ती कराए गए। ये सभी बच्चे सर्दी-जुकाम, बुखार व जकड़न की समस्या से पीड़ित हैं। सभी का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
पीआईसीयू व चिल्ड्रेन वार्ड में 60 बच्चों का चल रहा इलाज
बृहस्पतिवार दोपहर के लगभग 12 बजे चिल्ड्रेन वार्ड बीमार बच्चों से खचाखच भरा मिला। यही स्थिति पीआईसीयू में भी देखी गई। मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी ने बताया कि अस्पताल में 60 बच्चे भर्ती हैं, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
गंभीर अवस्था में कराया गया था भर्ती
दिमागी बुखार कई प्रकार के होते हैं। बालिका को (टीबीएम) दिमागी टीबी बुखार था। बुधवार की रात 11 बजे अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाई गई थी। उसे झटके भी आ रहे थे। अस्पताल में जितनी सुविधाएं हैं उस आधार पर बालिका का बेहतर इलाज किया गया।
- डॉ. अरविंद शुक्ल, मीडिया प्रभारी, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ, मेडिकल कॉलेज