बहराइच। बरसात के दिनों में कई किलोमीटर घूम कर खेतों में पहुंचने वाले किसानों को बहुत जल्द उनकी समस्या से निजात मिलने वाली है। शासन की ओर से तीन ग्रामीण क्षेत्रों के नालों पर पुल बनाने की स्वीकृति दी गई है। शासन की ओर से इन पुलों के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए है। विभागीय जिम्मेदार पुलों के निर्माण की तैयारी में जुट गए हैं।
बलहा विकासखंड की ग्राम पंचायत चिरैया मोहन, गुरगुट्टा और मिहिपुरवा के बेझा से नाले गुजरे हैं। बरसात के दिनों में ये नाले पानी से लबालब भर जाते हैं। बरसात न होने पर भी इनमें थोड़ा पानी रहता है। जिसके चलते यहां के ग्रामीणों को दूसरे गांवों और खेतों तक पहुंचने के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ती थी। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए इन नालों के बीच से होकर जाना पड़ता था। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही थी।
जिसके चलते ग्रामीण लंबे अरसे से नालों पर पुल बनाने की मांग कर रहे थे। जिस पर शासन की मुहर लग गई है और तीनों नालों पर पुल निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपए जारी किए गए है। लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अनुसार राज्य सेतु योजना के तहत बलहा के ग्राम पंचायत गुरगुट्टा और सर्राकला के बीच जमुनिया नाले पर पुल बनाया जाएगा। बलहा ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिरैया मोहान और मिहिपुरवा के बेझा से गुजरे नाले पर भी पुल निर्माण किया जाएगा। पुल निर्माण के लिए शासन की ओर से पांच करोड़ रुपये जारी किए गए है। जल्द की काम शुरू किया जाएगा।
36 से अधिक गांवों के ग्रामीण होंगे लाभान्वित
तीनों नालों पर पुल बनने से 36 से अधिक गांवों की 50 हजार से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी। जेई कर्मवीर ने बताया कि बलहा ब्लॉक के चिरैया मोहन में पुल बनने से इसके आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों का सफर आसान होगा। उन्होंने बताया की इससे दौलतपुर, कोरियनपुरवा, वैवाही, चिरैया मोहान, जगतापुर, बरवली, शोभापुरवा आदि गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा। जमुनिया नाले पर पुल निर्माण होने से गुरगुट्टा, सर्राकला आदि गांवों को फायदा होगा। मिहिपुरवा के बेझा में पुल निर्माण होने से कठौतिया, अमृतपुर, धर्मपुर, बेझा, वनग्राम, बेझा समेत एक दर्जन गांवों के लोग लाभान्वित होंगे।
कम हो जाएगी 50 किमी दूरी
बलहा विकासखंड की ग्राम पंचायत चिरैया मोहान से नेपाल से आया चामा नाला गुजरा है। इस नाले पर 20 किलोमीटर के बीच कोई पुल नहीं है। जबकि इस नाले में पूरे वर्ष भर पानी रहता है। जिसके चलते ग्रामीणों को 50 किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ता था। जिस पर अब विराम लगेगा। ग्राम प्रधान वकील अहमद, संदीप सिंह, जगतापूर के पूर्व प्रधान राजकुमार, शोभापुर्वा निवासी किशोरीलाल, मंगौड़िया निवासी संदीप सिंह, जालिम नगर निवासी उत्तम सिंह आदि ने बताया कि पुल निर्माण से समय और पैसा दोनों बचेगा।
शासन की ओर से तीन लघु पुलों के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
- अमर सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग