कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के फकीरपुरी मेंं जर्मन से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करतीं थारु महिलायें।
- फोटो : वन विभाग
यूपी में बहराइच के कतर्नियाघाट में मानव और हाथियों के बीच बढ़ते संघर्ष को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने के लिए बुधवार को जर्मन संघीय आर्थिक सहयोग एवं विकास मंत्रालय (बीएमजेड) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न गांवों का दौरा कर स्थानीय ग्रामीणों, वनकर्मियों और गजमित्रों से बातचीत की।
उन्होंने हाथियों की आवाजाही पर निगरानी रखने, ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने और जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जर्मन प्रतिनिधिमंडल में शामिल बेनेसा और बारबरा के दौरे की शुरुआत थारू समुदाय की महिलाओं द्वारा किए गए पारंपरिक स्वागत से हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने फकीरपुरी और आजमगढ़पुरवा गांवों का भ्रमण किया। इन गांवों में उन्होंने ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों, वनकर्मियों और गजमित्रों के साथ मानव-हाथी संघर्ष की चुनौतियों और उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।