फखरपुर(बहराइच)। फखरपुर क्षेत्र की एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने क्रूरता की हद पार कर दी। शादी के 10 महीने के अंदर ही पति ने सऊदी अरब से फोन पर ही उसे ट्रिपल तलाक दे दिया। आरोप है कि सास-ससुर ने पीड़िता की पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने थाने पर तहरीर दी तो समाज के लोगों ने दहेज वापसी के नाम पर तीन लाख रुपये के बहाने सुलह समझौता करा दिया।
पीड़िता ने जब पैसे की मांग की तो फिर धमकी मिली। पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवा निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी की शादी करीब 10 महीने पहले फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि निकाह के 15 दिन बाद ही पति सऊदी चला गया।
इसके बाद वह सास-ससुर, ननद के साथ ससुराल में रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि सास की मदद से ससुर पीड़िता से जबरदस्ती संबंध बनाने लगे तो पीड़िता ने विरोध किया। इसपर उसे मारापीटा गया। प्रभारी एसओ बिंदेश्वरी प्रसाद यादव ने बताया पुलिस से शिकायत मिलने पर जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।