बहराइच। शहर स्थित गेंदघर मैदान में युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद शव फेंक कर फरार होने वाले हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक-दूसरे से मामूली विवाद के बाद हत्या करने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक नशे में हुई बहसबाजी के बाद मैदान में बुलाकर दोस्त ने युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारे दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरगाह थाना क्षेत्र के हमजापुर मोहल्ला निवासी चांदबाबू (25) पुत्र अख्तर का शव शुक्रवार को शहर के गेंदघर मैदान में मिला था। शरीर पर चाकू से हमला करने के निशान मिले थे। एसपी विपिन मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर थानाध्यक्ष को वारदात का खुलासा करने का निर्देश दिया था। दरगाह थानाध्यक्ष ने शनिवार को युवक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि गुरुवार की शाम चांदबाबू के फोन पर उसके दोस्त ठुल्लू उर्फ अफसर पुत्र मुनव्वर निवासी गुलाम अलीपुरा ने फोन किया था। नशे मेें होने के कारण वह गाली देने लगा। बात-बात में दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देते हुए गेंदघर मैदान में मिलने की बात कही। थानाध्यक्ष ने बताया कि ठुल्लू शराब के नशे में था और उसके हाथ में चाकू था। नशे में उसने चाकू घोंपकर अपने दोस्त की हत्या कर दी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर उसे अग्रसेन चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।