लखनऊ। विश्वकर्मा पूजा के बाद रंगारंग कार्यक्रम में नशे में रोडवेज के चार कर्मचारियों का डांसरों के साथ ठुमके लगाना भारी पड़ गया। गुरुवार को फोरमैन सहित चार कर्मचारी निलंबित कर दिए गए।
मामला देवीपाटन क्षेत्र की रुपईडीहा वर्कशॉप का है। बीते 17 सितंबर को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसकी जांच परिवहन निगम प्रशासन द्वारा कराने पर कर्मचारी दोषी पाए गए। वर्कशाॅप में कर्मियों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसकी सूचना आला अफसरों को नहीं दी गई। जो वीडियो वायरल हुआ, उसमें स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि कर्मचारी नशे में डांसरों के साथ ठुमके लगा रहे हैं।
प्रधान प्रबंधक कार्मिक अशोक कुमार ने बताया कि रोडवेज परिसर में बगैर सूचना कोई भी आयोजन नहीं हो सकता। इस प्रकार के आयोजनों से परिवहन निगम की छवि धूमिल हुई है। इतना ही नहीं, कर्मचारियों के अतिरिक्त जो आला अफसर जिम्मेदार हैं, उनसे भी जवाब मांगा गया है।
बता दें कि निगम प्रशासन ने जिन कर्मचारियों पर गाज गिराई है, उसमें रूपईडीहा डिपो के सीनियर फोरमैन ग्रेड सेकेंड देवेंद्र कुमार तिवारी, जूनियर फोरमैन सरोज कुमार, मारकंडे राम और केंद्र प्रभारी राम कुमार शामिल हैं। अनुशासनिक कार्यवाही की रिपोर्ट प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर को भेजी है, जिसमें सभी कर्मियों को निलंबित करते हुए एआरएम से जवाब तलब किया गया है।