मिहींपुरवा। नेपाल सीमा पर बुधवार देर रात रज्जनवा चेकपोस्ट के पास एसएसबी ने तीन श्रीलंकाई नागरिकों और तमिलनाडु की एक महिला को पकड़ लिया। चारों ऑटो से सीमा तक पहुंचे थे और नेपाल जाने का रास्ता पूछ रहे थे। भाषा समझ में न आने पर स्थानीय लोगों ने एसएसबी को सूचना दी। जांच में तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट मिले, लेकिन उनका वीजा करीब तीन माह पहले समाप्त हो चुका था। एसएसबी ने चारों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पकड़े गए लोगों की पहचान श्रीलंका के जाफना निवासी अजीत कुमार (39), कौशल्या (38) और प्रभाप (38) तथा तमिलनाडु निवासी धर्म सुधाकर (35), पत्नी सुधाकर के रूप में हुई है। चारों जंगल से सटी सीमा के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के सामने चारों से बातचीत करने में भाषा की समस्या आ रही है। दुभाषिए की मदद से उनके सीमा क्षेत्र तक पहुंचने और नेपाल जाने के उद्देश्य की जानकारी जुटाई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट मिले हैं और उनके वीजा की अवधि समाप्त होने की जानकारी सामने आई है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि चारों से पूछताछ की जा रही है। दुभाषिए की मदद से जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।