मोतीपुर में जालिमनगर पुलिसचौकी के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।
मिहींपुरवा। मोतीपुर थाना अंतर्गत जालिमनगर पुलिस चौकी के पास रविवार की सुबह एक मुर्गी लदे पिकअप वाहन में टक्कर की टक्कर लग गई। हादसे में पिकअप सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने सीएचसी भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद यातायात अवरुद्ध हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर मार्ग बहाल करवाया।
रविवार सुबह लखीमपुर की ओर से एक पिकअप वाहन मुर्गियां लादकर जालिमनगर पुलिस चौकी के निकट पहुंचा था। इसी दौरान नानपारा की ओर से जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए। उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहन में से घायल सलमान (16), फैजान (16) निवासी गायघाट, निसार (18) निवासी गूढ़ चौराहा व मुबारक निवासी दौलतपुर को बाहर निकाला। चारों घायलों को सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया। सीएचसी से निसार व मुबारक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाते हुए यातायात बहाल करवाया गया।