बहराइच। हुजूरपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चार बदमाशों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को एएसपी नगर कुंअर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि हुजूरपुर थाना क्षेत्र स्थित टॉवर से दो एलसीओ चोरी हुई थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान चिरैया टांड गांव के पास एक संदिग्ध वाहन आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वाहन सवार भागने लगे। सभी को घेर का दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान मैजिक वाहन से चोरी किए गए एलसीओ बरामद हुए। चोरों की पहचान गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के हरियागाढ़ा गांव निवासी शिवम सिंह, हुजूरपुर थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड निवासी सुधीर सिंह, दिवाकर सिंह व कन्हैया सिंह के रूप में हुई है। चोरों के पास से चोरी में प्रयुक्त मैजिक वाहन, बाइक व चार मोबाइलों को सीज कर दिया गया है।