नगर पालिका प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार कर शासन से मंजूरी के लिए भेजा
बहराइच। शहर की डामर जर्जर सड़कों की सूरत संवारने के लिए पालिका प्रशासन ने चार मुख्य संपर्क मार्गों को चयनित किया है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद जर्जर मार्गों को संवारने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। डामर मार्ग के निर्माण कार्य में करीब दो करोड़ का खर्च आएगा।शहर के नगर पालिका क्षेत्र की करीब दो दर्जन डामर व इंटरलाॅकिंग मार्ग काफी जर्जर हो चले है। इन मार्गों पर वाहन चलाना तो दूर की बात है, पैदल चलना भी दूभर हाता जा रहा है। मार्गों की सूरत बिगाड़ने में जलनिगम की कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के ठेकेदारों का बड़ा हाथ रहा है। बता दें कि करीब पांच साल पूर्व अमृत पेयजल योजना के नाम पर जलनिगम की कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के ठेकेदारों ने शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ किया था। ठेकेदारों ने पाइप लाइन बिछाने के नाम पर शहर कई नवनिर्मित सड़कों को खोदकर गड्ढों में तब्दील कर दिया था। खोदी गई सड़कों को ठेकेदारों ने समतल कराने में कोई दिलचस्पी नहीं ली। धीरे-धीरे यही सड़कें अब जर्जर अवस्था में पहुंचती जा रही हैं। बारिश के दौरान यही जर्जर सड़कें हादसों का सबब बनने लगतीं हैं। अब नगर पालिका प्रशासन की ओर से अपने कार्यक्षेत्र की जर्जर हो चुकीं सड़कों को संवारने के लिए शीघ्र ही मुहिम शुरू करने की तैयारी में है।
पालिका प्रशासन ने शहर की सभी डामर व इंटरलाॅकिंग सड़कों के चिह्नीकरण का कार्य पूरा करा दिया है। प्रथम चरण में पालिका प्रशासन की ओर से चार प्रमुख संपर्क डामर मार्गों को चयनित किया गया है। पालिका प्रशासन ने मार्गों के निर्माण की कार्ययोजना बनाकर प्रस्ताव को शासन के पास भेज दिया है। शासन से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद सभी जर्जर सड़कों की सूरत को संवारने के लिए तेजी से कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। इन सब कार्यों में करीब दो करोड़ का खर्च आएगा।
इन सड़काें को किया गया है चयनित
शहर के छोटीबाजार से पानी टंकी चौराहा जाने वाला मार्ग, गुदड़ी से वजीरबाग, घंटाघर से बशीरगंज और गुदड़ी से बशीरगंज मार्ग को चयनित किया गया है। पालिका प्रशासन की ओर से सभी मार्गो के निर्माण को दो कारोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
शहर की जर्जर सड़कों का सर्वे कराया गया है। इनमें से चार प्रमुख डामर मार्ग को चयनित कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अलावा अन्य मार्गों का भी प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा रहा है। चार मार्गों के निर्माण में दो करोड़ व अन्य छोटे-बड़े मार्गों के निमार्ण में भी दो करोड़ का खर्च आएगा। बरसात के बाद सड़कों के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। -प्रमिता सिंह-ईओ नगर पालिका प्रशासन