नानपारा (बहराइच)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत प्रदेश के 12 और शहरी निकायों को चयनित किया गया है। इनमें जनपद की नगर पालिका परिषद नानपारा को इस योजना में चयनित किया गया है। ऐसे में इस नगर पालिका को विकास कार्य के लिए प्रति वर्ष चार करोड़ रुपये मिलेंगे। शासन के विशेष सचिव ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर डीपीआर बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे नगरवासियों में हर्ष है। विकास कार्य होने से नगर की लगभग 50 हजार आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत प्रदेश के 12 और शहरी निकायों को चयनित किया है। इनमें जिले की आदर्श नगर पालिका परिषद नानपारा भी शामिल है। इस योजना के तहत सरकार की ओर से प्रति वर्ष चार करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए आवंटित किए जाएंगे। इस बजट से नगर में पेयजल, सड़क, नाली समेत अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।
अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि नानपारा नगर पालिका को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है। इसके लिए जनपद के एक नगर पंचायत को प्रति वर्ष पंडित दीनदयाल योजना आदर्श नगर पंचायत घोषित कर नगर की सुविधाओं को विकसित किए जाने की योजना वित्तीय वर्ष 2017-2018 में पारित की गई थी।
शासन के 2019-20 द्वारा निर्गत किए गए आदेश के अनुसार प्रदेश के जनपदों की नगर पालिकाओं को इस योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है। जिसमें जिला बहराइच की नगर पालिका परिषद नानपारा को इस योजना में चयनित किए जाने से विकास कार्य को रफ्तार मिलेगी। निर्देश के अनुसार संबंधित जनपद के जिलाधिकारियों की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत नगर निकायों का चयन कर संस्तुति पत्र जनपद में भेजे गए हैं, जिसके आधार पर जिलाधिकारी नगर पालिका परिषद की विकास योजनाओं का डीपीआर बनाकर भेजेंगे। उसी हिसाब से धन का आवंटन किया जाएगा। इससे विकास कार्य को नए आयाम मिलेंगे। विकास होने से नगर पालिका के 25 वार्डों की 50 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा।
योजना के तहत बनीं तीन श्रेणी
ईओ अशोक तिवारी ने बताया कि इस योजना के तहत नगर पंचायतों की तीन श्रेणी बनाई गई है, जिसमें 10 हजार की आबादी वाली नगर पालिकाओं को दो करोड़ रुपये, 10 हजार से 20 हजार की आबादी वाले नगरीय क्षेत्र को तीन करोड़ रुपये तथा 20 हजार से 50 हजार की आबादी वाले नगर पालिका क्षेत्र को चार करोड़ रुपये की धनराशि देने की व्यवस्था शासन की ओर से की गई है। यह भुगतान डीपीआर के आधार पर किया जाएगा।
इन जिलों में नानपारा का हुआ चयन
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के कासगंज के मोहनापुर, चंदौली के चकिया, जौनपुर के मछली शहर, बदायूं के मुंडिया, शाहजहांपुर के खुदरा, औरैया के फफूंद, पीलीभीत के नूरिया हुसैनपुर, झांसी के टोडी फतेहपुर, कौशांबी के करारी, गाजियाबाद के डासना तथा बहराइच की नानपारा नगर पालिका परिषद व श्रावस्ती के भिनगा को नगर पंचायत योजना के लिए चयनित किया गया है।
विशेष सचिव ने डीएम को भेजा पत्र
उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार सिंह यादव ने पत्र भेजकर जनपद के जिलाधिकारी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत निकाय के हिसाब से आवंटित धनराशि की डीपीआर बनाकर भुगतना किये जाने के निर्देश दिए हैं। इसका पत्र डीएम को मिल गया है। इसके बाद चार करोड़ रुपये बजट आवंटित होगा। बजट आवंटित होते ही विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।