जमुनहा (श्रावस्ती)। बहराइच के तुराब गांव निवासी चार बच्चे रविवार को चमर पुरवा के माल्ही गांव स्थित तालाब से मिट्टी निकालने आए थे। यहां पैर फिसलने के कारण चारों तालाब में डूबने लगे। इस दौरान जहां दो बच्चों की मौत हो गई वहीं दो बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
बहराइच के थाना नवाबगंज अंतर्गत तुराब गांव मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चमर पुरवा के मजरा माल्ही गांव से मिला हुआ है। तुराब गांव निवासी नेहा (12) पुत्री बब्बन, हारून (10) पुत्र इसराइल, मोहम्मद जाहिर (08) व साहिबान (09) रविवार को माल्ही गांव स्थित तालाब से मिट्टी निकालने आए थे। मिट्टी निकालते समय अचानक नेहा व हारून का पैर फिसल जाने से दोनों तालाब में गर गए।
इनको बचाने के प्रयास में मोहम्मद जाहिर व साहिबान भी तालाब में गिर गए। गनीमत यह रही कि मोहम्मद जाहिर व साहिबान किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। जबकि नेहा व हारून की पानी में डूबने से मौत हो गई। घर आकर मोहम्मद जाहिर व साहिबान ने इसकी जानकारी परिवारीजनों को दिया।
जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला। दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना पुलिस को दिए बगैर परिवारीजनों ने दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया है।