फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: होटल के कमरे में मिली पूर्व बीडीसी सदस्य की लाश

Sun, 16 Nov 2025 01:07 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
बहराइच में गोलवाघाट के पास एक होटल में युवक का शव मिलने के बाद उसकी कार की जांच करती पुलिस टीम।
विज्ञापन
बहराइच। शहर के बंजारी मोड़ स्थित एक होटल में शनिवार को पूर्व बीडीसी सदस्य की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। होटल के कमरे में सुबह शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उनके साथ शुक्रवार रात एक महिला के आने की जानकारी मिली है, लेकिन वह कौन थी और कहां गई, इसका पता नहीं चल सका है। होटल कर्मचारी भी पुलिस को स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं, जिससे मामला और उलझता जा रहा है।
विज्ञापन


बौंडी क्षेत्र के बिसवा जैतापुर निवासी महीप सिंह उर्फ भज्जी सिंह (पूर्व बीडीसी सदस्य) जैतापुर बाजार में खाद-बीज की दुकान चलाते थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर घर से यह कहकर निकले कि जरूरी काम से शहर जा रहे हैं। वह अपनी कार से अकेले निकले थे।


शनिवार सुबह करीब 11 बजे महीप सिंह का शव शहर कोतवाली देहात क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित राधा कृष्ण होटल के कमरा नंबर 106 में मिला। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह, सीओ सिटी पंकज सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक महीप सिंह होटल के बेड पर औंधे मुंह मृत पड़े मिले।
विज्ञापन



पूछताछ में सामने आया कि शुक्रवार रात महीप के साथ एक महिला और एक बच्चा होटल में आए थे। सुबह करीब पांच बजे वह महिला कमरे से निकल गई। होटल में 11 बजे चेक आउट का समय होता है। जब समय बीतने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो कर्मचारी पहुंचे। कमरे में अंदर से कुंडी लगी थी। दरवाजा धक्का देने पर खुला तो महीप मृत अवस्था में मिले।


सीओ सिटी ने बताया कि मामला संदिग्ध है। होटल का सीसीटीवी कैमरा भी खराब पाया गया है, जिससे महिला कौन थी और कहां से आई थी, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। महीप के शरीर पर चोट के निशान तो नहीं मिले हैं, लेकिन नाक और मुंह से खून आ रहा था। उनके भाई विपिन की तहरीर पर केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ होगा।




होटल मालिक और मैनेजर के बयान अलग-अलग
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान होटल मालिक दीपक त्रिवेदी और मैनेजर गिरिजेश यादव के बयान मेल नहीं खा रहे हैं। होटल मैनेजर का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उससे भी जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी कब्जे में ले लिया गया है।



महिला की तलाश जारी

महीप सिंह के साथ आई महिला कौन थी और उसका मृतक से क्या संबंध था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। महिला की पहचान के बाद ही मामले की असल कहानी सामने आ सकेगी।



घर से रुपये लेकर निकले थे महीप
महीप सिंह के छोटे भाई विपिन ने बताया कि शुक्रवार शाम वह कुछ रुपये लेकर घर से निकले थे, किसी के बर्थडे में भी जाने की बात कह रहे थे और कहा था कि कुछ और भी जरूरी काम है। लेकिन अगले ही दिन मौत की खबर मिली, जिससे परिवार सदमे में है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें