विशेश्वरगंज (बहराइच)। विशेश्वरगंज में गुरुवार को यूपी बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल का सामाजिक विज्ञान का प्रश्नपत्र वाट्सएप के माध्यम से लीक कर दिया गया था। पर्चा लीक होने की सूचना मिलते ही एसओजी की टीम जांच में जुट गई। जांच के दौरान एसओजी टीम ने रामानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और बाबू को शुक्रवार देर शाम उठा लिया। आज पुलिस लाइन में पूरी घटना का खुलासा किए जाने की संभावना है।
यूपी बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह की पाली में हाईस्कूल के सामाजिक विज्ञान और इंटर के व्यवसायिक शिक्षा के प्रश्नपत्र की परीक्षा गुरुवार को हुई थी। सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र को कुछ लोगों की ओर से सोशल मीडिया पर वाट्सएप के माध्यम से वायरल कर दिया गया था। इसकी भनक जब जिला प्रशासन को लगी तो पूरे मामले की जांच में एसओजी की टीम जुट गई। जांच के दौरान विकास खंड विशेश्वरगंज के रामानंद इंटर कॉलेज से प्रश्न पत्र के आउट होने का मामला सामने आया।
शुक्रवार देर शाम एसओजी की टीम प्रभारी मधुपनाथ मिश्रा की अगुवाई में स्कूल पहुंची और प्रधानाचार्य प्रमोद तिवारी और एक कंप्यूटर बाबू को उठा लिया। टीम प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले का खुलासा शनिवार को किया जा सकता है। तभी पूरे मामले की जानकारी दी जा सकेगी। डीआईओएस राजेंद्र पांडेय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पर्चा आउट होने और पुलिस कार्रवाई की सूचना मिली है। इससे अधिक जानकारी उन्हें नहीं है।