मिहींपुरवा। मोतीपुर रेंज में तैनात वन दरोगा पर एक ग्रामीण महिला ने दबिश के दौरान अभद्रता और नकदी-जेवर ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष और गहन पड़ताल की जाएगी।
पेटरहा गांव निवासी प्रेमा देवी ने वन विभाग और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे शिकायती पत्र के जरिये आरोप लगाया है कि 10 फरवरी को मोतीपुर रेंज में तैनात वन दरोगा सत्य प्रकाश वर्मा टीम के साथ उनके घर पहुंचे। उस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, तलाशी के बहाने वनकर्मी घर में रखी नकदी व जेवर उठा ले गए।
प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला द्वेषपूर्ण प्रतीत हो रहा है, फिर भी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-
कराई जा रही है जांच
मोतीपुर के वन क्षेत्राधिकारी एसके तिवारी का कहना है कि वन विभाग की टीमें जंगल में घुसपैठ, लकड़ी कटान और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर नियमित गश्त करती हैं। जंगल से सटे गांवों में कुछ लोग अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाते हैं। कार्रवाई के दौरान अक्सर विभागीय कर्मचारियों पर आरोप लगाए जाते हैं। चूंकि शिकायत उच्चाधिकारियों को भेजी गई है, इसलिए वरिष्ठ स्तर पर जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।