बहराइच। ककरहा रेंज के गिरगिट्टी ठोकरपुरवा गांव में बाघिन की आमद को लेकर वन विभाग सजग हो गया है। शनिवार को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जागरूकता पंफलेट बांटे। साथ ही गन्ने व सरसों के खेत में कांबिंग की। लेकिन बाघिन कहीं नहीं दिखी।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत गिरगिट्टी के मजरा ठोकरपुरवा में दो दिनों से बाघिन शावक के साथ टहल रही है। इससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। गुरुवार रात को गांव निवासी राजू की बरामदे में बंधी गाय को बाघिन ने निवाला बना लिया था। सूचना मिलने पर शनिवार को ककरहा रेंज के वन दरोगा आलोकमणि तिवारी, वन रक्षक अमर सिंह, वाचर राममिलन, बीट वाचर जगजीवनराम, छोटू आदि की टीम ने गांव में स्थित गन्ना और सरसों के खेत में कांबिंग की।
बाघिन के पदचिन्हों को देखा। लेकिन इस दौरान बाघिन कहीं नहीं दिखी। कांबिंग के बाद वनकर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही जागरूकता पंफलेट वितरित कर लोगों को गन्ने के खेत में न जाने की बात कही। वन दरोगा ने कहा कि ठंड होने के चलते जंगली जीव-जंतु बाहर निकल रहे हैं। इस पर ग्रामीण विशेष ध्यान रखें। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।