बहराइच। अब्दुल्लागंज वन रेंज में हुए पौधरोपण में भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। अब्दुल्लागंज रेंज वन समिति अध्यक्ष राम गोपाल वर्मा ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री समेत आला अधिकारियों से की है। साथ ही उन्होंने शिकायत करने पर रेंजर पर द्वारा उन्हें धमकाने का भी आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता अब्दुल्लागंज रेंज वन समिति अध्यक्ष रामगोपाल वर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया कि सिर्फ कागजों में पौधरोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि गंगापुर से उमरिया जाने वाले नहर पटरी पर सिर्फ कागजों में पौधरोपण कर इतिश्री कर ली गई जबकि नहर पटरी के दोनों तरफ कहीं भी कोई पौधा नहीं लगा है।
इसी तरह अन्य स्थानों पर भी भ्रष्टाचार कर लाखों-करोड़ो रुपये का गबन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद डीएफओ बहराइच जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे, उनके आने से पहले कुछ पौधरोपण आनन फानन में कराया गया। रामगोपाल वर्मा ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद से लगातार रेंजर उन्हें धमका रहे हैं और उनको जानमाल का खतरा है।
मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया है। जांच जारी है जो निष्कर्ष निकलेगा उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अजीत प्रताप सिंह, डीएफओ