इंदिरा गांधी स्टेडियम में फुटबॉल का अभ्यास मैच खेलते खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को फुटबॉल का अभ्यास मैच खेला गया। इंदिरा गांधी स्टेडियम व खेलो इंडिया के बीच 2-2 से मैच ड्रॉ हो गया। इस दौरान दर्शकों ने ताली बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मैच का उद्घाटन उप क्रीड़ाधिकारी अनुपमा धानुक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद इंदिरा गांधी स्टेडियम के खिलाड़ियों ने पहले गोल के साथ ही खाता खोलकर दबाव बनाया। इसके बाद स्टेडियम के दूसरे गोल को खेलो इंडिया की टीम के गोल कीपर ने नाकाम कर दिया। इससे खिलाड़ियों को ऊर्जा मिली।
खेलो इंडिया की टीम ने लगातार दो गोल दागे और बढ़त बनाई, जिससे स्टेडियम की टीम पर दबाव बन गया। मैच के दौरान फुटबॉल प्रेमियों ने खेलो इंडिया टीम के खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए तालियां बजाईं।
इसके बाद स्टेडियम की टीम ने भी एकता का परिचय देते हुए दूसरा गोल कर मैच बराबर किया। मैच के रेफरी राकेश पासवान और विनोद कुमार रहे। इस मौके पर आदित्य राज, शौर्य, पार्थ, दिव्यांश, शोभित, शिवम शर्मा, अनमोल मौजूद रहे।