जमुनहा(श्रावस्ती)। मार्ग मरम्मत के नाम पर जमुनहा में सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। यहां ठेकेदार मानकों को दरकिनार कर मार्ग को गड्ढामुक्त करा रहा है। विरोध के बाद भी निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजा है। जमुनहा बाजार स्थित बस स्टैंड से मंतुरी जब्दा तक लोक निर्माण विभाग की आर से 900 मीटर सड़क को गड्ढामुक्त कराया जा रहा है।
इस कार्य में लगा ठेकेदार पुरानी सड़क की सफाई कराए बगैर मिट्टी व धूल पर ही तारकोल डाल कर गिट्टी बिछवा रहा है। इतना ही नहीं तारकोल व गिट्टी भी निर्धारित मानक से कम डाली जा रही है। जिससे गुणवत्ता विहीन यह मार्ग आगे बन तो पीछे से उजड़ रहा है। जिसका ग्रामीणों ने विरोध जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गुणवत्ता विहीन निर्माण के कारण यह मार्ग कुछ ही दिनों में अपना मूल स्वरूप खो देगा जिससे लोगों के सामने एक बार पुन: आवागमन की समस्या उत्पन्न होगी। इसके बाद भी ठेकेदार मानने को तैयार नहीं है। ऐसे मे ग्रामीण गुलाब सिंह, सबित राम, अब्दुल्ला खान, दिनेश त्रिपाठी, दिनेश यादव, जसिम आदि ने जिलाधिकारी नेहा प्रकाश व मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह को पत्र भेज कर गुणवत्ता की जांच कराने व मानक के अनुरूप मार्ग मरम्मत कराने की मांग किया है। वहीं इस बारे में अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसके हरित का कहना है कि यदि ऐसा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।