रुपईडीहा। भारत के पड़ोसी शहर नेपालगंज से अब जल्द ही भारत के बड़े शहरों के लिए हवाई उड़ानें शुरू होंगी। नेपालगंज के बांके स्थित रांझा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अनुरूप विकसित किया गया है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण नेपाल के महानिदेशक प्रदीप अधिकारी ने बताया कि नया टर्मिनल भवन तैयार हो चुका है और उड़ानों की शुरुआत के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने निर्धारित समय से दो माह पहले बनकर तैयार हुए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का शनिवार को निरीक्षण किया। बताया कि नेपालगंज से लखनऊ, दिल्ली और वाराणसी जैसे भारतीय शहरों के लिए उड़ानें जल्द शुरू की जाएंगी। नया टर्मिनल भवन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जिससे दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा।
महानिदेशक अधिकारी ने बताया कि भारत और नेपाल सरकार के बीच उड़ान संचालन को लेकर पहले से ही चर्चा चल रही है। नए टर्मिनल भवन के तैयार होने से प्रक्रिया में तेजी आएगी। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था शर्मा एंड कंपनी के प्रमुख रमेश शर्मा और परियोजना प्रमुख नल विक्रम थापा ने भवन के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक दीपेंद्र श्रेष्ठ सहित अन्य अधिकारी भी निरीक्षण दल में मौजूद रहे।
टर्मिनल भवन पर खर्च हुए 2.74 अरब नेपाली रुपये
निर्माण कंपनी के अनुसार निरीक्षण दल की अंतिम स्वीकृति के बाद भवन को औपचारिक रूप से नागरिक उड्डयन विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। यह भवन 2 अरब 74 करोड़ 20 लाख 18 हजार 993 नेपाली रुपये की लागत से तैयार हुआ है। वर्ष 2022 में शुरू हुआ निर्माण कार्य जनवरी 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन कंपनी ने इसे दो माह पहले ही पूरा कर लिया।
628 यात्रियों की है क्षमता
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। भवन की क्षमता पीक आवर में 628 यात्रियों की है। परिसर में बागवानी, चौड़ी सड़कें, उचित जल निकासी की व्यवस्था और विमान पार्किंग एप्रन भी तैयार किया गया है, जहां एटीआर-72 के तीन और ट्विन-ओटर के पांच विमान एक साथ खड़े किए जा सकते हैं।
सेमी-बेसमेंट सहित तीन मंजिला यह नया टर्मिनल भवन 5075 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला है। बेसमेंट को व्यावसायिक उपयोग के लिए तैयार किया गया है, जिसमें 24 दुकानें होंगी। भवन में 14 चेक-इन काउंटर, तीन वीआईपी रूम, बच्चों का खेल क्षेत्र, कस्टम और क्वारंटाइन जांच कक्ष भी शामिल है।