बहराइच। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिले के पात्रों के खातों में पहली किस्त भेजी जा रही है। अब तक 10 हजार से अधिक लाभार्थियों को किस्त मिल चुकी है। इससे आवास का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के लिए घर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
जिले में योजना के तहत 30,193 पात्रों को आवास देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चयनित लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए कुल 1.20 लाख रुपये तीन किस्तों में दिए जाएंगे। पहली किस्त मिलने के बाद लाभार्थी निर्माण कार्य शुरू करा सकेंगे। निर्माण की प्रगति के आधार पर अगली किस्तें जारी की जाएंगी।
योजना के तहत शौचालय निर्माण के लिए पंचायती राज विभाग की ओर से अलग से 12 हजार रुपये की सहायता दो किस्तों में दी जाएगी। वहीं, पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण में मजदूरी का भुगतान भी वीबी जीरामजी के तहत किया जाएगा। विभाग के अनुसार, सत्यापित सूची के आधार पर पात्रों को आवास की स्वीकृति देने के बाद पहली किस्त ऑनलाइन उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।
-
लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की जा रही है। अब तक 10 हजार से अधिक लोगों के खातों में धनराशि भेजी जा चुकी है। इससे वे आवास निर्माण शुरू कर सकेंगे।
-मनीष कुमार, पीडी, डीआरडीए