मिहींपुरवा (बहराइच)। मूर्तिहा थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव निवासी राजेश गोवर्धन परिजनों सहित घर में सो रहे थे। सोमवार की देर रात अज्ञात कारणों के चलते उनके घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने राजकुमार व सुरेश के घर को भी अपनी जद में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देख घरों में मौजूद परिजनों ने भागकर जान बचाई। चीखपुकार सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पीड़ितों का लाखों रुपये का सामान जलकर रख हो गया।
गृहस्वामी राजेश ने बताया कि आग से उसके घर में बंधी बकरी, गृहस्थी का सारा सामान सहित 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं राजकुमार व सुरेश ने बताया कि उनका भी गृहस्थी का लगभग 70-70 हजार रुपये का सामान जल गया है। सभी खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। एसडीएम मिहींपुरवा संजय कुमार ने बताया कि सूचना पर मौके पर लेखपाल को भेजकर पीड़ितों को राशन पानी दिया गया है। वहीं नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाई जााएगी।
सामने खड़ा हो गया आर्थिक संकट
गृहस्वामी राजेश ने बताया कि आग से उसकी बकरी सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घर में पत्नी, तीन बच्चों सहित पांच लोग हैं। जिनके पालन पोषण का संकट खड़ा हो गया। वहीं राजकुमार व सुरेश का भी घर में मौजूद सारा सामान जल गया। इससे दोनों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।