नानपारा (बहराइच)। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से संचालित एप्लीकेशन यूपी कॉप के बारे में शुक्रवार को श्री शंकर इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने कहा कि समस्या होने पर सामान की बरामदगी व एफआईआर के लिए अब थाने के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। यूपी कॉप की मदद से घर बैठे कार्रवाई करवाएं।
नानपारा नगर के श्री शंकर इंटर कॉलेज परिसर में यूपी पुलिस के यूपी कॉप प्रशिक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें कोतवाली नानपारा की पुलिस ने यूपी कॉप की 27 प्रकार की सेवाओं के बारे में छात्रों को जानकारी दी। हेड कांस्टेबल मोहम्मद फैयाज फैज ने यूपी कॉप के विभिन्न प्रकार की सेवाओं की जानकारी दी।
सभी छात्र-छात्राओं को बताया कि पुलिस सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर है। किसी घटना या दुर्घटना के बाद पुलिस की मदद के लिये अब बार-बार थाने के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। क्योंकि अब आपके कई काम स्मार्टफोन के जरिये ही हो जायेंगे। एफआईआर हो या फिर चोरी हुए वाहनों की रिकवरी की जानकारी, कैरेक्टर सर्टिफिकेट बनवाना हो या फिर किसी धरना प्रदर्शन की अनुमति लेनी हो।
गाड़ियों की चोरी, लूट की घटनाएं, मोबाइल स्नैचिंग, बच्चों की गुमशुदगी और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में यूपी पुलिस के मोबाइल एप्लीकेशन यूपी कॉप एप का सभी इस्तेमाल कर सकते हैं। कस्बा इंचार्ज सुधीर कुमार शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को पुलिस के सहायता नंबरों के बारे में जानकारी देते हुए नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल चलाने तथा बिना हेलमेट के वाहन न चलाने की हिदायत दी। साथी छात्राओं को कोचिंग सेंटर या कॉलेज के समय होने वाली छेड़छाड़ या अन्य आपराधिक घटनाओं के प्रति सजग किया। 1090 तथा हंड्रेड डायल की भी जानकारी दी।