बहराइच के खैरा बाजार में गुरुवार को खादकी दुकान पर छापेमारी करते जिला कृषि अधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। जिला कृषि अधिकारी ने टीम के साथ गुरुवार को खैरा बाजार में खाद व बीज की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान बिना लाइसेंस के बीज की बिक्री होती मिली। इस पर व्यवसायी का खाद व बीज का लाइसेंस सीज कर दिया गया। जबकि एक उर्वरक व्यवसायी का लाइसेंस निलंबित किया गया है। तीन वस्तुओं का नमूना जांच के लिए लेते हुए चार को नोटिस जारी किया है। साधन सहकारी बंद होने पर सचिव को कड़ी फटकार लगाई।
महसी तहसील के खैरा बाजार में विनोद कुमार की खाद भंडार की दुकान पर जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय पहुंचे। निरीक्षण में एसएसपी खाद 30 बोरी मिली। लेकिन एमओपी संदिग्ध मिला। इस पर खाद व बीज का लाइसेंस सीज कर दिया गया। खाद का नमूना जांच के लिए भेजा गया।
बाजार में ही सलामत उल्ला के खाद के दुकान में 78 बोरी बीज मिला। लेकिन इसके कोई कागजात नहीं थे। स्टाक रजिस्टर, बिक्री समेत अन्य कमियां मिलीं। इस पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। उमरी दहलों में स्थित यादव खाद भंडार निरीक्षण के दौरान कोई अभिलेख न दिखाने पर नोटिस जारी किया गया।
अंकुर तिवारी खाद भंडार उर्वरक व बीज बिक्री की व्यवस्था न होने पर नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जबकि चार व्यवसायियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि साधन सहकारी समिति उमरी दहलो साढ़े तीन बजे ही बंद मिला। जबकि इस समय रबी फसलों के बोआई का समय चल रहा है। इस समिति के सचिव को फटकार लगाते हुए समय से केंद्र संचालित किए जाने की बात कही।