होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग के अधिकारियों की छापेमारी गुरुवार को भी जारी रही। इस दौरान विभाग की टीम ने फखरपुर कस्बे सहित शहर की मिष्ठान की दुकानों में छापेमारी कर पांच संदिग्ध नमूने भरे। सभी नमूनों को अधिकारियों की टीम ने जांच के लिए विधि प्रयोगशाला गोरखपुर भेजा है।
डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को छापेमारी के निर्देश दिये थे। इसी के तहत गुरुवार को मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी कमलेश कुमार की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित मिष्ठान की दुकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कचहरी रोड स्थित एक जलपान गृह पर टीम ने सभी मिष्ठान पदार्थों की जांच करते हुये एक मेवे के लड्डू व पनीर का नमूना लिया। केडीसी रोड स्थित शर्मा के होटल पर टीम ने एक पनीर का नमूना लिया।
टीम ने कैसरगंज पंहुचकर एक रसमलाई व फखरपुर कस्बे से एक पेड़ा का नमूना का संदिग्ध नमूना लिया। अभिहित अधिकारी संदीप चौरसिया ने बताया कि सभी पांचों नमूनों को सीलकर विधि प्रयोगशाला गोरखपुर जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जायेगी।