बहराइच। जिले में एक व्यक्ति ने अपनी ही बेटी को पैसों के लिए बेच दिया। संस्था को सूचना मिली तो पुलिस की मदद से लगभग तीन घंटे के बाद बच्ची को सकुशल मुक्त कराया गया। पुलिस ने संस्था की तहरीर पर पिता समेत तीन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर लिया। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
देहात संस्था की ओर से संचालित चाइल्ड लाइन 1098 की कोऑर्डिनेटर देवयानी को फोन से सूचना मिली हरदी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई के साथ मिलकर अपनी ही नौ वर्षीय बेटी को शहर के एक व्यक्ति के घर में काम करने के लिए 30 हजार रुपये में बेच दिया है। देहात संस्था के मुख्य कार्यकारी डॉ. जितेंद्र चतुर्वेदी ने एसपी विपिन मिश्रा से संपर्क कर बच्ची को मुक्त कराने की रणनीति बनाई। एसपी ने देहात संस्था के मुख्य कार्यकारी, नगर कोतवाल अरुण द्विवेदी, महिला व बाल तस्करी की रोकथाम के लिए प्रशिक्षित विशेष एसआई प्रियंका सिंह और बाल तस्करी की रोकथाम के लिए बनाई गई दो टीमों का गठन किया और बच्ची को मुक्त कराने का निर्देश दिया। मुख्य कार्यकारी डॉ. जितेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि टीम ने जाल बिछाकर रविवार देर शाम बच्ची को नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ीहाट मोहल्ले के एक महिला के आवास से खोज लिया। चाइल्ड लाइन की तहरीर पर पुलिस ने बच्ची के पिता समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। नगर कोतवाल ने बताया कि बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य तीन लोगों की तलाश की जा रही है।