रुपईडीहा। बरथनवां ग्राम में बृहस्पतिवार रात जमीन के विवाद में ससुर व दामाद पक्ष के लोगों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष से दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की है।
गांव निवासी वसीम अहमद ने अपनी बेटी का विवाह इसी गांव निवासी मोहम्मद रईस के साथ किया था। विवाह के बाद वसीम ने अपनी कुछ जमीन अपनी बेटी के नाम कर दी थी। कुछ दिनों बाद वसीम ने अपने पास बची जमीन बेच दी। इस पर उनके दामाद रईस ने भी अपनी जमीन बेचने की इच्छा जाहिर की। वसीम ने उनकी जमीन का सौदा 18 लाख रुपये में तय करा दिया। सौदा तय होने के समय रईस ने एक लाख रुपये की जरूरत बताते हुए अपने ससुर से अग्रिम धनराशि के रूप में उन्हें दिलाने की बात कही।
जमीन के खरीदार से वसीम ने एक लाख रुपये लेकर अपने दामाद रईस को दे दिए। आरोप है कि जब रईस से जमीन की रजिस्ट्री करने की बात कही गई तो उन्होंने रजिस्ट्री करने व एक लाख रुपये वापस करने से मना कर दिया। इसको लेकर बृहस्पतिवार रात दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान वसीम के दो बेटे सोनू (23) व मोनू (21) घायल हो गए। थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने बताया कि एक पक्ष से मुशीद, मोनू व सोनू जबकि दूसरे पक्ष से रईस, शरीफ, आरिफ, राजू व शफीक के विरुद्ध शांतिभंग प्राथमिकी दर्ज की गई है।