कैसरगंज के परसेंडी चीनी मिल में पेराई सत्र के उद्घाटन पर मशीन में गन्ना डालते कैबिनेट मंत्री, विध
- फोटो : BAHRAICH
कैसरगंज (बहराइच)। पारले चीनी मिल परसेंडी के पेराई सत्र का सोमवार को शुभारंभ हुआ। इस मौके पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने डोंगे में गन्ना डालकर और बैलगाड़ी की पूजा-अर्चना कर पेराई सत्र की शुरुआत की। इस दौरान मंत्री ने किसानों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान उन्नतशील प्रजाति के गन्ने की बोआई ज्यादा लाभ कमाएं।
कैसरगंज के परसेंडी में स्थित पारले चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा व विशिष्ट अतिथि पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी रहे। मंत्री ने डोंगे में गन्ना डालकर व बैलगाड़ी की पूजा-अर्चना कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
इस मौके पर किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि कृषि प्रधान देश भारत की खुशहाली किसानों की खुशहाली पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान उन्नतशील प्रजाति के गन्ने की बोआई करें, जिससे कम लागत में उन्हें अधिक लाभ मिल सके।
विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि जिला कृषि आधारित है। जिले की 90 फीसदी आबादी गांवों में बसती है। उन्होंने कहा कि किसान वैज्ञानिक विधि से खेती कर समृद्धशाली बनें। संबोधन के बाद कैबिनेट मंत्री ने मिल परिसर में स्थित कांटों का फीता काटकर गन्ने की तौल का शुभारंभ कराया।
बेलहरी गांव निवासी किसान सूबेदार सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र संयोजक गौरव वर्मा, एसडीएम रामजीत मौर्य, गन्ना प्रबंधक जगतार सिंह, कारखाना प्रबंधक अनिल यादव, संजीव राठी, रामनरेश सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुन्ना सिंह, डॉ. वीके श्रीवास्तव, आदर्श परमार, इब्रे हसन कामजी आदि मौजूद रहे।