बहराइच। रायपुर थैलिया गांव निवासी एक अधेड़ जमीन के काम से तहसील जा रहा था। रास्ते में वह सड़क पर गिर गया। सूचना पाकर पहुंचे पुत्र ने अधेड़ को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत रायपुर थैलिया गांव निवासी चंद्रभान सिंह (50) पुत्र प्यारे सिंह गुरुवार को जमीन के कार्य के लिए साइकिल से तहसील जा रहा था। मन्नादास धार्मिक स्थल के निकट वह सड़क पर गिर गया। उसने पुत्र धर्मेंद्र को फोन करके जानकारी दी। धर्मेंद्र मौके पर पहुंचा तो पिता मूर्छित अवस्था में पड़े मिले।
धर्मेंद्र ने ग्रामीणों की मदद से पिता को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पुत्र ने थाने में तहरीर देकर पिता को जहरीला पदार्थ खिलाए जाने का संदेह जताया है। थानाध्यक्ष विमलेश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।