हरदी थानाक्षेत्र के महराजगंज में मकान से टकराकर पलटा ट्रक।
बहराइच/बौंडी/महसी। सड़क हादसों में किसान की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
बौंडी के पांडेयपुरवा गांव निवासी राधेश्याम यादव (50) रविवार सुबह पांडेयपुरवा गोलागंज के पास सड़क किनारे मृत अवस्था में मिले। मृतक के भाई हेमराज ने बताया वे शुक्रवार की शाम आठ बजे घर से रोज की तरह पैदल राठौरनपुरवा गोलागंज स्थित डेयरी पर दूध देने गए थे। वहां से वापस आते समय रास्ते में वाहन ने टक्कर मार दी और उनकी मौत हो गई। डेयरी के पास ही वे छप्पर रखे हुए थे, जहां कभी-कभार रुक जाते थे तो परिजनों ने उनके वहीं रुकने की बात सोचते हुए तलाश नहीं की। सुबह जब परिजन वहां पहुंचे तो उनका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। कोई संतान नहीं थी। मौत से पत्नी कुसुमा देवी समेत अन्य परिजन बेहाल हैं।
हरदी के महराजगंज कस्बा में रविवार सुबह तेज रफ्तार गन्ना लदा ओवरलोड ट्रक सड़क किनारे बने अब्दुल रहमान के घर में टक्कर मारते हुए पलट गया। इससे उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय घर पर अब्दुल रहमान, पत्नी सन्नो, बेटी शाहीन, नगमा, आसिफ और नातिन उमरा कमरे में सो रहे थे। जिसकी चपेट में आकर उनकी बेटी नगमा (22) और दो वर्षीय नातिन घायल हो गई। हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर आकर दो जेसीबी मंगवाकर गन्ना व ट्रक को हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया है।
इसके अलावा शहर के घंटाघर स्थित मंदिर के पास बाइकसवार अजय, अरुण फिसलकर गिर गए। इसी तरह, नानपारा कोतवाली के चंदेलाकला गांव निवासी सुमन सिंह (65) रविवार को अपने रिश्तेदार के साथ बाइक पर बैठकर जा रही थीं। रास्ते में गांव के पास बाइक से गिरकर घायल हो गईं। वहीं, हरदी थाना के मुंसारी गांव निवासी रुद्र प्रसाद अवस्थी (65) को किसानगंज चौराहा के पास बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया।