पयागपुर(बहराइच)। पयागपुर थाना क्षेत्र के बघईया निवासी किसान राम समुज (55) का शव सोमवार को बहराइच -गोंडा रेलवे लाइन पर गांव से पांच सौ मीटर दूर पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के भतीजे त्रिवेनी ने बताया कि मृतक उसका चाचा था। उसकी अभी तक शादी नहीं हुई थी। उन्हें कम सुनाई पड़ता था। वह सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान ट्रेन की आवाज न सुन पाने के कारण बहराइच से बनारस जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करने वाले किसान की मौत से परिवार में कोहराम है।