राजी चौराहा (बहराइच)। पूरे गंगा प्रसाद पासिनपुरवा गांव में बुधवार रात गेहूं के खेत की सिंचाई कर रहे किसान की ठंड लगने से तबीयत बिगड़ गई।
किसी तरह वह घर पहुंचा तो घर वाले उसे लेकर रायपुर में निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे। यहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर किसान को लखनऊ रेफर किया लेकिन लखनऊ ले जाने की तैयारी करते समय उसकी मौत हो गई। इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल ने जांच शुरू कर दी है।
महसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूरे गंगा प्रसाद पासिनपुरवा गांव निवासी मैनुद्दीन (40) पुत्र इकराम अली बुधवार रात गांव से 100 मीटर की दूरी पर स्थित खेत की सिंचाई कर रहा था।
रात 11 बजे के आसपास उसे कंपकंपी का एहसास हुआ। उलझन और बेहोशी की भी शिकायत हुई। किसी तरह मैनुद्दीन के घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसे रायपुर में निजी चिकित्सक राधेश्याम मौर्य की क्लीनिक पर पहुंचाया।
यहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉ. मौर्य ने कहा कि मैनुद्दीन की हालत ठंड लगने से बिगड़ी है। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने तत्काल उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी।
परिवार के लोग जब मैनुद्दीन को लखनऊ ले जाने के लिए गाड़ी का इंतजाम कर रहे थे तभी उसने दम तोड़ दिया। सुबह परिवार के लोगों ने ठंड से मौत की सूचना तहसील को दी।
इस पर लेखपाल नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव गांव पहुंचे हैं। तहसीलदार नागेंद्र कुमार का कहना है कि ठंड से मौत की सूचना मिली है लेकिन परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। ऐसे में लेखपाल की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।