मोतीपुर क्षेत्र के पेटरहा गांव में मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
मिहींपुरवा (बहराइच)। पेटरहा में रविवार की रात चोरों ने छत पर सो रहे परिवार के घर में घुसकर नकदी व जेवर पर हाथ साफ कर दिया। मोतीपुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और वारदात के जल्द खुलासे की बात कही। मोतीपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।
मोतीपुर क्षेत्र के पेटरहा निवासी राम प्रकाश ने बताया कि रविवार को उमस अधिक होने से परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। सुबह घर के अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा हुआ था। घर में रखी 50 हजार की नकदी व लगभग साढ़े सात लाख रुपये के गहने चोर उड़ा ले गए। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की।
पीड़ित का तहरीर न देना चर्चा का विषय
राम प्रकाश के घर में चोरी की बड़ी वारदात होने के बाद भी उसने थाने पर कोई तहरीर नहीं दी है। सिर्फ पुलिस को फोन पर सूचना भर दी थी। लोग पुलिस पर तहरीर न देने का दबाव बनाने की बात कहते सुने जा रहे हैं। वहीं पीड़ित राम प्रकाश का कहना है कि मोतीपुर थाना प्रभारी ने खुलासे का आश्वासन दिया है, इसलिए तहरीर नहीं दी है।
तीन दिन पहले महिला के घर हुई थी डकैती
मोतीपुर क्षेत्र में 30 मई को चोरों ने ग्राम पंचायत लौकाही निवासी नासिर के घर हथियारबंद पांच डकैतों ने धावा बोला था। नासिर के मुताबिक हथियार लेकर घर पहुंचे पांच डकैतोंं ने उनकी पत्नी सायदा के गले व पैर पर छूरा रख दिया था और नकदी समेत चार लाख के आभूषण उठा ले गए थे। इस दौरान सायदा के गले पर छूरा लगने से घाव भी हो गया था। लेकिन मोतीपुर पुलिस अभी इसका खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं अब आठ लाख की चोरी की वारदात ने क्षेत्र में दहशत बढ़ा दी है।
टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इलेक्ट्राॅनिक साक्ष्य व सीसीटीवी कैमरोंं की जांच की जा रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
-आनंद चौरसिया, थाना प्रभारी